PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : शिक्षा से विकसित छत्तीसगढ़ तक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नीट सफल विद्यार्थियों के साथ साझा किया भविष्य का रोडमैप – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जिनका उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवेदनशील और व्यवहारिक डॉक्टर बनने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज सेवा को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेश में 34 नए नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं, जहां 24 घंटे अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही दिल्ली स्थित ट्रायबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है और वहां निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए नई शिक्षा नीति, स्मार्ट क्लास, छात्रवृत्ति योजनाओं, निजी विद्यालयों में प्रवेश, रोजगारोन्मुखी शिक्षा और सरकारी स्कूलों के उन्नयन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद समाप्त होने के बाद पर्यटन, उद्योग और रोजगार की बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नई उद्योग नीति और पर्यटन परियोजनाओं से लाखों रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने प्रदेश की खनिज संपदा, ऊर्जा उत्पादन, सिंचाई परियोजनाओं और कृषि आधारित उद्योगों का जिक्र करते हुए छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की क्षमता वाला राज्य बताया। खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आर्चरी अकादमी और खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से नशामुक्त रहने, राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जैसी तकनीक आधारित पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों तक बेहतर सेवाएं पहुंचाना राज्य सरकार का संकल्प है।

