धमतरी : विशेष लेख : जल संरक्षण को मिलेगा नया आधार

PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 धमतरी : 357 जल स्रोतों पर बनेंगे सैंड फिल्टर, जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन को मिलेगा नया आधार – धमतरी जिला प्रशासन ने जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले के 357 सामुदायिक जल स्रोतों पर सैंड फिल्टर निर्माण कार्यों के लिए 1.85 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस पहल का उद्देश्य वर्षा जल का वैज्ञानिक प्रबंधन, जल स्रोतों की गुणवत्ता बनाए रखना और भू-जल पुनर्भरण को मजबूत करना है।

योजना के तहत धमतरी विकासखंड में 78, कुरूद में 124, मगरलोड में 48 और नगरी विकासखंड में 107 सैंड फिल्टर बनाए जाएंगे। इनका निर्माण संबंधित ग्राम पंचायतों के माध्यम से निर्धारित समय सीमा में कराया जाएगा।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि सैंड फिल्टर के माध्यम से वर्षा जल के साथ आने वाली मिट्टी, गाद, प्लास्टिक और अन्य अशुद्धियां प्राकृतिक रूप से छन जाएंगी। इससे तालाबों, कुओं और अन्य जल स्रोतों में गाद का जमाव कम होगा, जल की गुणवत्ता बनी रहेगी और भू-जल स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन के अनुसार यह पहल केवल जल स्रोतों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा और घटते भू-जल स्तर जैसी चुनौतियों से निपटने की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। इससे कृषि, मत्स्य पालन और अन्य ग्रामीण आजीविका गतिविधियों को भी अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों से सैंड फिल्टर के नियमित रखरखाव और जनभागीदारी सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है। जिला प्रशासन का लक्ष्य जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए धमतरी को जल प्रबंधन के क्षेत्र में एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *