कोंडागांव : बैटरी चलित ट्राइसाइकिल ने विनय के आत्मनिर्भर सफर को दी नई रफ्तार

PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 कोंडागांव : बैटरी चलित ट्राइसाइकिल से दिव्यांग युवक विनय नेताम को मिली आत्मनिर्भरता की नई रफ्तार – कोंडागांव जिले के ग्राम कोकोड़ी निवासी 60 प्रतिशत दिव्यांग विनय नेताम को समाज कल्याण विभाग द्वारा बैटरी चलित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई है। इस सहायता से उनका आवागमन आसान हो गया है और वे अपने स्वरोजगार को पहले से अधिक सुगमता और आत्मविश्वास के साथ संचालित कर सकेंगे।

बचपन में माता-पिता के निधन के बाद दादी और बाद में चाचा-चाची के सहारे पले-बढ़े विनय ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने 10वीं उत्तीर्ण करने के बाद 12वीं की परीक्षा ओपन स्कूल से पूरी की। आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने मोबाइल के माध्यम से एग रोल और मोमोज बनाना सीखा तथा अपनी बहन के सहयोग से कोंडागांव में छोटा व्यवसाय शुरू किया। मेहनत के दम पर वे आज प्रतिदिन लगभग एक हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं।

व्यवसाय के लिए आवश्यक सामान खरीदने के दौरान दिव्यांगता के कारण उन्हें आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। बैटरी चलित ट्राइसाइकिल मिलने के बाद अब वे स्वतंत्र रूप से आवाजाही कर पा रहे हैं, जिससे उनके व्यवसाय को भी नई गति मिली है।

विनय नेताम ने इस सहायता के लिए छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्राइसाइकिल उनके लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में नई शुरुआत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *