एमसीबी : वैज्ञानिक खेती का कमाल : घुटरा की विमला दीदी ने बरबटी उत्पादन में रचा नया कीर्तिमान

PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 एमसीबी : वैज्ञानिक खेती से बदली तस्वीर, घुटरा की विमला दीदी ने बरबटी उत्पादन में बनाई नई पहचान – मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के ग्राम घुटरा की विमला दीदी ने इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (आईएफसी) के सहयोग से वैज्ञानिक खेती अपनाकर बरबटी उत्पादन में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग से उन्होंने न केवल अपनी आय बढ़ाई, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिला किसानों के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।

आईएफसी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में विमला दीदी को मचान विधि (ट्रेलिस मेथड) से बरबटी की खेती का प्रशिक्षण दिया गया। इस तकनीक से पौधों को बेहतर सहारा मिला, पर्याप्त धूप और वायु संचार सुनिश्चित हुआ तथा रोग और कीटों का प्रकोप भी कम हुआ। परिणामस्वरूप बेहतर गुणवत्ता वाली लंबी और आकर्षक फलियां तैयार हुईं, जिन्हें बाजार में अच्छा मूल्य मिला।

वैज्ञानिक पद्धति अपनाने से फसल की तुड़ाई भी पहले की तुलना में अधिक आसान हुई, जिससे समय और श्रम की बचत के साथ उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि हुई। विमला दीदी ने बताया कि प्रशिक्षण ने उनकी खेती करने की सोच बदल दी और अब वे आधुनिक तकनीकों के जरिए बेहतर परिणाम प्राप्त कर रही हैं।

आईएफसी की इस पहल से महिला किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़ने, उनकी आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विमला दीदी की सफलता यह साबित करती है कि सही प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और आधुनिक कृषि पद्धतियों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *