PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 दंतेवाड़ा : बिहार की भटकी महिला को सखी वन स्टॉप सेंटर ने परिवार से मिलाया – महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर ने बिहार की एक भटकी हुई महिला को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाकर मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण पेश किया। मुजफ्फरपुर जिले की निवासी सविता देवी सफर के दौरान ट्रेन में सो जाने के कारण भटकते हुए दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल पहुंच गई थीं।
किरंदुल स्टेशन से पैदल निकलने के बाद वह भांसी तक पहुंच गईं, जहां स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित सखी वन स्टॉप सेंटर के सुपुर्द किया। इसके बाद केंद्र ने बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित वन स्टॉप सेंटर और थाना काटी से संपर्क कर महिला की पहचान सुनिश्चित की तथा उनके परिवार तक सूचना पहुंचाई।
जानकारी मिलते ही महिला के पति दंतेवाड़ा पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और करीब डेढ़ महीने से लापता थीं। पत्नी को सुरक्षित पाकर उन्होंने राहत व्यक्त की और सखी वन स्टॉप सेंटर तथा संबंधित अधिकारियों का आभार जताया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर संकटग्रस्त महिलाओं को अस्थायी आश्रय, सहायता और पुनर्वास उपलब्ध कराने में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

