PTV BHARAT 2 AUGUST 2026 रायपुर : लोक भवन से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहे शामिल – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत रायपुर स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।
यह अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत और अन्य युवा संगठनों के सहयोग से रैली, शपथ ग्रहण, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है।

