PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : सह्याद्री फार्म्स मॉडल से प्रेरित होगा जशपुर का इंटीग्रेटेड पैक हाउस – जशपुर जिले में कृषि को मूल्य संवर्धन आधारित व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के प्रतिनिधियों ने महाराष्ट्र के नासिक स्थित सह्याद्री फार्म्स का अध्ययन एवं प्रशिक्षण भ्रमण किया। इस दौरे का उद्देश्य बगीचा विकासखंड के शहीदांड में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड पैक हाउस के प्रभावी संचालन के लिए सफल किसान-स्वामित्व वाले कृषि मॉडल का अध्ययन करना था।
प्रतिनिधिमंडल ने सह्याद्री फार्म्स में आधुनिक कृषि प्रबंधन, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और निर्यात प्रणाली का अवलोकन किया। साथ ही अंगूर, अनार सहित उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों की वैज्ञानिक खेती, ड्रिप सिंचाई, फसल कटाई उपरांत प्रबंधन और निर्यातोन्मुख उत्पादन प्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
टीम ने आधुनिक प्रसंस्करण संयंत्र का भी निरीक्षण किया, जहां ग्रेडिंग, सॉर्टिंग, पैकेजिंग, कोल्ड चेन और वैल्यू एडिशन की प्रक्रियाओं का अध्ययन किया गया। अधिकारियों का मानना है कि इन तकनीकों से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
जशपुर के शहीदांड में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड पैक हाउस में ग्रेडिंग, सॉर्टिंग, पैकेजिंग, संरक्षण और प्रसंस्करण की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने बताया कि सह्याद्री फार्म्स से मिले अनुभवों को इस परियोजना में शामिल कर एफपीओ सशक्तिकरण, गुणवत्ता नियंत्रण, ब्रांडिंग और बाजार संपर्क को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे जिले के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।

