PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्यशाला में विद्यार्थियों ने कार्टून कला से उकेरी बस्तर की सकारात्मक तस्वीर – बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और सकारात्मक पहचान को रचनात्मक कला के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया। जनसंपर्क विभाग के सहयोग से ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कला के माध्यम से विचारों और भावनाओं को अभिव्यक्त करना एक विशेष प्रतिभा है। उन्होंने कहा कि कार्टून और कैरिकेचर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और विकास के सकारात्मक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सशक्त विधा हैं।
कार्यशाला में वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। बच्चों ने बस्तर के विकास, संस्कृति और प्राकृतिक धरोहरों को अपनी रचनात्मक कल्पनाओं के माध्यम से चित्रों में प्रस्तुत किया।
‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करना और बस्तर की सकारात्मक पहचान को नई पीढ़ी तथा देशभर तक पहुंचाना है। कार्यशाला के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

