PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : मनरेगा से बदली निम्मलगुड़ा की तस्वीर – महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत बीजापुर जिले के ग्राम निम्मलगुड़ा में जल संरक्षण और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। गांव में 500 जल अवशोषण ट्रेंच का निर्माण कर वर्षा जल संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण और स्थानीय रोजगार सृजन को नई मजबूती मिली है।
इस परियोजना के लिए 4 लाख 95 हजार 73 रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिसमें से 4 लाख 70 हजार 61 रुपये खर्च कर निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस दौरान 1,801 मानव-दिवस का रोजगार सृजित हुआ, जिससे गांव के अनेक परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला और उनकी आय में वृद्धि हुई।
जल अवशोषण ट्रेंच बनने से वर्षा का पानी अधिक मात्रा में जमीन में समाने लगा है। इससे भू-जल स्तर में सुधार, मिट्टी के कटाव में कमी और खेतों में लंबे समय तक नमी बनाए रखने में मदद मिली है। किसानों को सिंचाई में सुविधा मिलने के साथ खेती की उत्पादकता बढ़ने की संभावना भी मजबूत हुई है।
मनरेगा के तहत किया गया यह कार्य केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ है।
ग्राम निम्मलगुड़ा का यह प्रयास मनरेगा के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है, जो ग्रामीण विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक सफल मॉडल के रूप में सामने आया है।

