रायपुर : अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिली नई उड़ान

PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिली नई उड़ान – आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना नई उम्मीद लेकर आई है। इस योजना के तहत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित निजी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।

बीजापुर जिले के विभिन्न विकासखंडों के कई विद्यार्थियों का इस योजना के तहत चयन हुआ है। विकासखंड उसूर के ग्राम बसागुड़ा की छात्रा सान्वी संगम का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है। वहीं भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा परिधि कावटी, बीजापुर विकासखंड के ग्राम सागमेटा के छात्र देवांश जनगम तथा ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा निहारिका नीकुरी का चयन हम एकेडमी, जगदलपुर में हुआ है। विकासखंड भैरमगढ़ के ग्राम छोटे गोगला के छात्र आदित्य कोरसा का चयन भी दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है।

चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बताया कि वे श्रमिक परिवारों से हैं और सीमित आय के कारण बच्चों को निजी विद्यालयों में पढ़ाना संभव नहीं था। श्रम विभाग में पंजीयन के बाद उन्हें अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की जानकारी मिली और आवेदन करने पर बच्चों का चयन उनकी प्रतिभा के आधार पर हुआ।

योजना के तहत अब इन विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

कलेक्टर विश्वदीप ने चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन करने तथा उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और बच्चों के चयन पर शुभकामनाएं दीं।

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा दे रही है तथा उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *