PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : श्रावण के प्रथम सोमवार पर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर शिव मंदिर में किया जलाभिषेक – श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली तथा छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास और जनकल्याण की कामना की।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से सराबोर रहा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोषों के बीच मंत्री राजेश अग्रवाल ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर जल, दुग्ध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, भस्म सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें श्रावण मास की शुभकामनाएं भी दीं।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का अत्यंत पुण्यदायी और आध्यात्मिक महत्व वाला समय है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ करुणा, त्याग, लोककल्याण, समानता और सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं। उनकी कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहे, किसानों की मेहनत सफल हो, युवाओं को उज्ज्वल भविष्य मिले तथा समाज में भाईचारा और सद्भाव कायम रहे, यही उनकी कामना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों और आस्था केंद्रों के विकास के साथ धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

