रायपुर : ब्रह्माकुमारीज़, अंबिकापुर में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल

PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : ब्रह्माकुमारीज़ के नशा मुक्त युवा अभियान में शामिल हुए मंत्री राजेश अग्रवाल – ब्रह्माकुमारीज़, अंबिकापुर द्वारा आयोजित ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त, अनुशासित और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण का सबसे मजबूत आधार स्वस्थ, जागरूक, चरित्रवान और आत्मविश्वासी युवा हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान केवल नशे के खिलाफ जनजागरण नहीं, बल्कि देश के भविष्य को सशक्त बनाने का राष्ट्रीय आंदोलन है। उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, आत्मअनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता केवल आर्थिक विकास की नहीं, बल्कि ऐसे समाज के निर्माण की है, जहां युवा शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त हों। नशा व्यक्ति की प्रतिभा, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करे।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भारत की युवा शक्ति विश्व की सबसे बड़ी ताकत है। यदि यह शक्ति सही दिशा में आगे बढ़ेगी तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल, अनुशासन, सेवा और संस्कार को अपने जीवन का आधार बनाने का आग्रह किया।

उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों, सकारात्मक जीवनशैली और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार भी युवाओं के कौशल विकास, शिक्षा, रोजगार, खेल, संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं और नागरिकों ने ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ का संकल्प दोहराते हुए समाज में जनजागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *