रायपुर : नल से जल, जीवन में खुशहाली: बेलसरी में जल जीवन मिशन से बदली तस्वीर

PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : नल से जल, जीवन में खुशहाली, बेलसरी में जल जीवन मिशन से बदली तस्वीर – जल जीवन मिशन के तहत मुंगेली जिले में हर घर नल से जल पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में जिले से लगभग 40 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत मोहदंडा के आश्रित ग्राम बेलसरी में इस योजना ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी पेयजल संकट से जूझने वाला यह गांव अब घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल प्राप्त कर रहा है।

लगभग 474 की आबादी वाले बेलसरी गांव में पहले ग्रामीण पेयजल के लिए आठ हैंडपंपों पर निर्भर थे। गर्मी के मौसम में जलस्तर नीचे जाने से कई हैंडपंप सूख जाते थे, जिससे पानी की समस्या और गंभीर हो जाती थी। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती थी, जिन्हें पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। इससे उनका समय और श्रम दोनों अधिक खर्च होते थे तथा घरेलू कार्यों और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ता था।

ग्रामीणों की मांग पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में पाइपलाइन का विस्तार कर प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराया। अब ग्रामीणों को घर पर ही नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिल रहा है, जिससे पानी के लिए दूर जाने की आवश्यकता समाप्त हो गई है और उनके दैनिक जीवन में काफी सुविधा आई है।

गांव की जयतरीन बाई ने बताया कि पहले पानी के लिए कई घंटे तक परेशान होना पड़ता था और कई बार दूसरे घरों से पानी लेना पड़ता था, लेकिन अब घर में ही नल से पानी उपलब्ध हो जाता है। वहीं शांति बाई साहू, बैशाखा साहू और रामफूल साहू ने बताया कि घर तक पानी पहुंचने से महिलाओं को सबसे अधिक राहत मिली है। अब पानी भरने में लगने वाला समय बच रहा है, जिसका उपयोग घर-परिवार, बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्यों में किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के माध्यम से मिली इस सुविधा पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *