रायपुर : हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष के साथ निकली भोरमदेव पदयात्रा, शिवमय हुआ कबीरधाम

PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष के साथ निकली भोरमदेव पदयात्रा, शिवमय हुआ कबीरधाम – श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर कबीरधाम जिले के ऐतिहासिक बाबा भोरमदेव मंदिर के लिए निकली भव्य पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पदयात्रा से पहले पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष के बीच भगवा ध्वज के साथ लगभग 18 किलोमीटर लंबी पदयात्रा का शुभारंभ हुआ।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि श्रावण मास का प्रथम सोमवार भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि बाबा भोरमदेव केवल एक प्राचीन मंदिर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का गौरव है। उन्होंने श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा पदयात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

कवर्धा से भोरमदेव मंदिर तक निकली इस पदयात्रा के दौरान पूरे मार्ग में उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों और संस्थाओं ने जगह-जगह स्वागत शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के लिए चाय, कॉफी, जूस, शरबत, नींबू पानी, नाश्ता, खीर-पूड़ी और फलों की व्यवस्था की।

वर्ष 2008 से लगातार आयोजित हो रही इस पदयात्रा में इस बार भी हजारों श्रद्धालु, कांवड़िये, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोषों के बीच पूरी यात्रा भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई।

पदयात्रा के दौरान भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, नंदी और शिव परिवार पर आधारित आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने पूरे मार्ग को शिवमय बना दिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समनापुर के समीप महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता स्टॉल का भी अवलोकन किया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

पदयात्रा में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, स्कूली बच्चों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *