रायपुर : ग्रामीण उद्यमिता का मार्ग है संभागीय सरस मेला: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : ग्रामीण उद्यमिता का मार्ग है संभागीय सरस मेला : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा – कबीरधाम जिले के भोरमदेव मंदिर चौरा में आयोजित पांच दिवसीय संभागीय सरस मेला का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि संभागीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार को नई दिशा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरस मेला स्वदेशी, प्राकृतिक और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच है। उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया, महिला समूहों से उनके उत्पादों की जानकारी ली और स्टॉलों से खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि सावन माह के अवसर पर आयोजित यह संभागीय सरस मेला 6 अगस्त तक चलेगा। विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर परिसर में आयोजित इस मेले में 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां मिलेट उत्पाद, घरेलू खाद्य सामग्री, वनोपज आधारित उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा सामग्री, बांस एवं बेंत से बने उत्पाद, सजावटी वस्तुएं और पारंपरिक परिधान उपलब्ध हैं।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि सरस मेला का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिलेवासियों से बाबा भोरमदेव के दर्शन के साथ सरस मेले में पहुंचकर महिला समूहों के स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की।

मेले के दौरान प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तरुणा साहू ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल, बोड़ला के विद्यार्थियों ने शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।

संभागीय सरस मेले में कबीरधाम सहित दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों और अन्य क्षेत्रों के महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार जैविक खाद्य सामग्री, मिलेट उत्पाद, मसाले, अचार, ब्लैक राइस, अगरबत्ती, दोना-पत्तल, बैग, हस्तशिल्प और अन्य स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *