उत्तर बस्तर कांकेर : सोलर पंप सुधारने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में की शिकायत, कुछ ही घंटों में हुई मरम्मत

उत्तर बस्तर कांकेर : सोलर पंप सुधारने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में की शिकायत, कुछ ही घंटों में हुई मरम्मत – छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आम जनता की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। दुर्गूकोंदल विकासखंड की ग्राम पंचायत चिखली के आश्रित ग्राम हड़फड़ में इसका एक उदाहरण देखने को मिला, जहां हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर ही गांव के खराब सोलर पंप की मरम्मत क्रेडा विभाग द्वारा कर दी गई।

सोलर पंप के सुधार के बाद पेयजल संकट से जूझ रहे गांव में स्वच्छ पेयजल की सुविधा फिर से बहाल हो गई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत प्राप्त होते ही क्रेडा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम को मौके पर भेजा। टीम ने खराब सोलर पंप की मरम्मत कर उसे पुनः चालू कर दिया।

क्रेडा के सहायक अभियंता ने बताया कि सोलर पंप के सुचारू संचालन से ग्रामीणों को पेयजल और दैनिक उपयोग के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है। ग्रामीणों ने इसे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता का सकारात्मक उदाहरण बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान से लोगों का भरोसा और उम्मीद दोनों मजबूत हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *