रायपुर : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर सुकमा में स्वास्थ्य अभियान तेज

PTV BHARAT 10 AUGUST 2026 – रायपुर : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर सुकमा में स्वास्थ्य अभियान तेज – राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सुकमा जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में छात्राओं को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाकर उनके स्वास्थ्य, पोषण और शैक्षणिक विकास को बेहतर बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों की उपस्थिति में सभी छात्राओं को निर्धारित मानकों के अनुसार एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। अधिकारियों ने छात्राओं को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, पौष्टिक भोजन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नियमित हाथ धोना, साफ भोजन करना और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना कृमि संक्रमण से बचाव के सबसे प्रभावी उपाय हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, बीएमओ डॉ. दीपेश चंद्राकर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा विद्यालय अधीक्षिका सहित स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

93 हजार 884 बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की खुराक देने का लक्ष्य

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत सुकमा जिले में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 93 हजार 884 बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूत आधार प्रदान किया जा रहा है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत चलाया जा रहा यह अभियान प्रदेशभर में बच्चों और किशोरों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *