रायपुर : श्रमिक परिवारों के पांच बच्चों ने रचा सफलता का नया अध्याय

PTV BHARAT 17 AUGUST 2026 – सुकमा : श्रमिक परिवारों के पांच बच्चों ने रचा सफलता का नया अध्याय – अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत सुकमा जिले के पांच प्रतिभावान बच्चों का वर्ष 2025-26 के लिए मेरिट के आधार पर चयन हुआ है। योजना के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है।

चयन के बाद इन बच्चों ने कलेक्टर सुकमा अमित कुमार से मुलाकात की। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री की पहल से शिक्षा को मिल रहा संबल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

श्रमिक परिवारों के बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उच्चस्तरीय निजी शिक्षण संस्थानों में निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाती है। शिक्षा, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिलने से श्रमिक परिवारों के बच्चों को आर्थिक बाधाओं की चिंता किए बिना पढ़ाई जारी रखने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिलता है।

सुकमा के पांच बच्चों का हुआ चयन

योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों में ग्राम बुडदी, तहसील सुकमा की करुणा बघेल, गांधी नगर सुकमा के सिद्धार्थ दास, ग्राम हमीरगढ़ के प्रमोद नाग, गांधी नगर सुकमा के अमन दास तथा ग्राम पाकेला की सुष्मिता यादव शामिल हैं।

इन विद्यार्थियों को संस्कार द गुरुकुल स्कूल, बस्तर तथा हम अकादमी, जगदलपुर में अध्ययन का अवसर मिलेगा। पांचों बच्चों की सफलता सुकमा जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।

पूरी शिक्षा का खर्च श्रम विभाग उठाएगा

चयनित विद्यार्थियों की शिक्षा से संबंधित संपूर्ण व्यय छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, श्रम विभाग, सुकमा द्वारा वहन किया जाएगा। इससे बच्चों के परिवारों पर शिक्षा का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।

इस अवसर पर जिला श्रम अधिकारी सुनीता जोशी, सहायक श्रम पदाधिकारी सत्यानंद नाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सुकमा के इन पांच बच्चों की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा को सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो आर्थिक परिस्थितियां सफलता की राह में बाधा नहीं बनतीं। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना इन बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *