PTV BHARAT 17 AUGUST 2026 – जांजगीर : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से बदली जानू जायसवाल की जिंदगी, शून्य हुआ बिजली बिल – प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए आर्थिक बचत और स्वच्छ ऊर्जा का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से लोग अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर बिजली की जरूरतें पूरी करने के साथ अपने मासिक बिजली खर्च को कम कर रहे हैं। जांजगीर निवासी जानू जायसवाल की कहानी योजना से मिल रही आर्थिक राहत और आत्मनिर्भर ऊर्जा व्यवस्था का उदाहरण है।
जानू जायसवाल ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें कुल 1.08 लाख रुपये की सहायता मिली। योजना के तहत उपलब्ध आसान ऋण सुविधा ने भी सोलर सिस्टम स्थापित करने की प्रक्रिया को उनके लिए सुगम बनाया।
जानू जायसवाल बताते हैं कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 3 से 4 हजार रुपये तक आता था। हर महीने बिजली बिल के रूप में खर्च होने वाली यह राशि परिवार के बजट पर असर डालती थी। सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। अब बिजली बिल में होने वाली बचत परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने और भविष्य के लिए बचत करने में उपयोग हो रही है।
जानू जायसवाल का कहना है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने उनके परिवार को आर्थिक राहत देने के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा अपनाने का अवसर भी दिया है। घर की छत पर सौर ऊर्जा का उत्पादन होने से बिजली खर्च कम हुआ है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी योगदान मिल रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिलेवासियों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च कम करने की अपील की। राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में ऐसी पहलें नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

