रायपुर : सरगुजा और बस्तर संभाग में डेयरी विकास को मिलेगी नई गति

PTV BHARAT 17 AUGUST 2026 – रायपुर : सरगुजा और बस्तर संभाग में डेयरी विकास को मिलेगी नई गति – छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में राज्य सहकारी डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (सीजीसीडीएफ) की राज्य स्तरीय संचालन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में डेयरी क्षेत्र का समग्र विकास, दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि, महिला दुग्ध उत्पादकों की भागीदारी बढ़ाना तथा दुग्ध संग्रहण और विपणन अधोसंरचना को मजबूत करना रहा।

बस्तर और सरगुजा संभाग पर विशेष फोकस

बस्तर संभाग के सात जिलों में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अनुसूचित जनजाति परिवार पशुपालन से जुड़े हैं। क्षेत्र में लगभग 88 प्रतिशत गायें स्थानीय नस्ल की हैं। दुग्ध उत्पादकता बढ़ाने के लिए पशु पोषण, पशु स्वास्थ्य, नस्ल सुधार और वैज्ञानिक प्रबंधन पर जोर दिया जा रहा है।

एनडीडीबी के सहयोग से जून 2025 से सरगुजा संभाग के जशपुर में 2 हजार लीटर क्षमता तथा बलरामपुर में 5 हजार लीटर क्षमता के चिलिंग सेंटर शुरू किए गए हैं। वर्तमान में 45 मिल्क कलेक्शन सेंटर्स के माध्यम से रोजाना लगभग 3,500 लीटर दूध एकत्र किया जा रहा है, जिससे 1,500 से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक जुड़ी हुई हैं।

सीधा भुगतान और पारदर्शी व्यवस्था

परियोजना के तहत दुग्ध उत्पादकों के बिल का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है। इससे महिला दुग्ध उत्पादकों को नियमित आय मिल रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

बैठक में पिछली बैठकों की कार्रवाई रिपोर्ट, मानव संसाधन से जुड़ी चुनौतियों, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तथा डेयरी समग्र विकास योजना की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आयुक्त सहकारिता रमेश कुमार शर्मा सहित राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के अधिकारी, सहकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं फेडरेशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *