उत्तर बस्तर कांकेर : ग्राम देवीनवागांव में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, 71 आवेदन प्राप्त हुए

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – उत्तर बस्तर कांकेर : ग्राम देवीनवागांव में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, 71 आवेदन प्राप्त – जिले के अंतिम छोर पर बसे डूबान क्षेत्र नरहरपुर विकासखंड के ग्राम देवीनवागांव में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।

कलेक्टर ने बताया कि सरकार द्वारा जी-रामजी योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ छोटे-छोटे आधारभूत संरचना निर्माण कार्य भी कराए जा सकते हैं। स्कूल भवन की मरम्मत, धरसा रोड और नाली निर्माण जैसे कार्य भी इस योजना के तहत कराए जा सकते हैं। इसके लिए विधिवत प्रस्ताव बनाकर जिला प्रशासन को भेजने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत कांकेर जिले को 200 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं, जिससे विभिन्न रोजगारमूलक एवं विकास कार्य कराए जा सकते हैं।

वन पट्टाधारी किसानों से एग्रीस्टैक पंजीयन की अपील

कलेक्टर क्षीरसागर ने कहा कि वन अधिकार पट्टाधारी कुछ किसान एग्रीस्टैक में पंजीयन नहीं होने के कारण समर्थन मूल्य पर धान नहीं बेच पा रहे थे। ऐसे सभी वन पट्टाधारी किसानों के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने सभी पात्र किसानों से पंजीयन कराने की अपील की।

उन्होंने बताया कि ग्राम देवीनवागांव के ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले स्कूल भवन की मरम्मत के लिए आवेदन दिया था, जिसका निराकरण कर स्कूल भवन मरम्मत की स्वीकृति दे दी गई है। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का विधिसम्मत और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

71 आवेदन हुए प्राप्त

ग्राम देवीनवागांव में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग के 37, खाद्य विभाग के 7, शिक्षा विभाग के 8, महिला एवं बाल विकास विभाग के 2, स्वास्थ्य विभाग के 4, क्रेडा के 2 और जनपद पंचायत के 8 आवेदन सहित विभिन्न विभागों को कुल 71 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित अधिकारियों को इन आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

जनसमस्या निवारण शिविर को जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर ने भी संबोधित किया और ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सोमन कावड़े, तहसीलदार नरहरपुर पुष्पराज पात्रा, जनपद सीईओ भानुप्रताप चुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, ग्राम पंचायत की सरपंच पुष्पा कोर्राम, पंच-सरपंच, ग्राम पटेल, गायता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *