रायपुर : बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज हुई आयोजित

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – रायपुर : बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित – छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने और विभिन्न विभागों तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान बाढ़ प्रबंधन नीतियों, प्रभावितों को त्वरित सहायता पहुंचाने, मौसम विज्ञान एवं जल संसाधन विभाग के बीच समन्वय, निगरानी, चेतावनी और सार्वजनिक सूचना प्रणाली के जरिए डाउनस्ट्रीम गांवों को समय रहते सतर्क करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बाढ़ की स्थिति में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर सेना एवं अन्य बचाव दलों के बीच आपसी समन्वय, राहत शिविरों की व्यवस्था और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल टीम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

फील्ड स्तर पर जिम्मेदारियों की स्पष्टता पर जोर

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने कहा कि आपदा की स्थिति में फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले सभी कर्मियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच समन्वय में किसी भी प्रकार की कमी या गैप को समय रहते दूर किया जाए और प्रत्येक विभाग अपनी भूमिका को स्पष्ट रूप से समझते हुए प्रभावी ढंग से कार्य करे।

उन्होंने आपदा के दौरान त्वरित निर्णय लेने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सभी संबंधित विभागों के बीच मजबूत समन्वय पर विशेष जोर दिया। एनडीआरएफ के अधिकारियों ने भी बाढ़ आपदा प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश एवं जानकारी साझा की।

20 अगस्त को होगी राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज

यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया। अभ्यास के दौरान राज्य बाढ़ कार्य योजना, बाढ़ प्रबंधन, राहत एवं बचाव की रणनीति तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग और केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त मौसम एवं जल स्तर संबंधी पूर्वानुमानों के आधार पर समय पर चेतावनी जारी करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आगामी 20 अगस्त 2026 को राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारी शामिल होंगे।

कई विभागों और एजेंसियों की भूमिका पर चर्चा

बैठक में जल संसाधन, स्वास्थ्य, दूरसंचार, पशुपालन और लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों की आपदा के दौरान भूमिका पर चर्चा की गई। इसके साथ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, एनसीसी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा आपदा मित्र की उपलब्धता, त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय से जुड़े पहलुओं की भी समीक्षा हुई।

टेबल टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से बाढ़ के दौरान सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती तथा प्रभावित क्षेत्रों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने की कार्यप्रणाली पर मंथन किया गया। विभिन्न संभावित परिस्थितियों में समयबद्ध निर्णय और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

अभ्यास का मुख्य उद्देश्य राज्य की आपदा पूर्व तैयारियों को और मजबूत करना, विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल विकसित करना तथा बाढ़ की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम रखते हुए त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के वरिष्ठ सलाहकार रविंद्र गुरुंग, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. जीवन कुमार, सीआईएफ के वरिष्ठ पर्यवेक्षक गजेंद्र पाठक, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उप सचिव गजेन्द्र ठाकुर सहित जल संसाधन, स्वास्थ्य, दूरसंचार, पशुपालन, लोक निर्माण विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, होमगार्ड एवं नगर सेना के अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के जिलों के आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *