PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – जांजगीर-चांपा : जांजगीर के शासकीय टीसीएल कॉलेज में मनाया गया ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ – देश के बंटवारे के दौरान नफरत और हिंसा के कारण लाखों लोगों ने संघर्ष किया और बलिदान दिया। उन्हीं की स्मृति में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया गया।
शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर में ‘भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 1947 में भारत के विभाजन के दौरान विस्थापन, हिंसा और पीड़ा झेलने वाले लाखों निर्दोष लोगों की स्मृति को नमन करना तथा युवा पीढ़ी को इस ऐतिहासिक घटना के मानवीय पहलुओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. लहरे ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने विभाजन की त्रासदी से प्रभावित परिवारों के संघर्ष और पीड़ा को स्मरण किया।
राष्ट्रीय एकजुटता की नींव को और मजबूत बनाने का संदेश
युवाओं को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एम.एल. पाटले ने कहा कि इतिहास के ऐसे त्रासद अध्यायों को स्मरण करने का उद्देश्य समाज में विद्वेष फैलाना नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकजुटता की नींव को और मजबूत करना है।
सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का लिया संकल्प
कार्यक्रम का समापन देश की संप्रभुता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द और परस्पर प्रेम की भावना को अक्षुण्ण रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को भारत विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं तथा उसके दीर्घकालीन सामाजिक और मानवीय प्रभावों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पी.के. सिंह, कार्यक्रम अधिकारी आर.के. चंद्रा एवं डॉ. पुष्पा सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

