रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा – स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही अन्य सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से जिलेवार जानकारी लेते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक जरूरी दवाएं तथा चिकित्सा सुविधाएं समय पर पहुंचें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्वास्थ्य सेवाओं को जनोन्मुखी बनाने के निर्देश

समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मंत्री ने अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त रखने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने चिकित्सा उपकरणों के नियमित रखरखाव, स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और मैदानी स्तर पर सेवाओं की स्थिति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *