रायपुर : राज्यस्तरीय प्रशिक्षण से मजबूत हो रही समाज कल्याण विभाग की प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यदक्षता

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – रायपुर : राज्यस्तरीय प्रशिक्षण से मजबूत हो रही समाज कल्याण विभाग की प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यदक्षता – समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशासनिक और वित्तीय दक्षता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026-27 आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य संसाधन एवं पुनर्वास केंद्र, माना कैंप, रायपुर में प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर प्रतिभागियों को शासकीय कार्यों के सुचारू एवं नियमानुसार संपादन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

वित्तीय नियमों और प्रक्रियाओं की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र में छत्तीसगढ़ वित्तीय संहिता विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। सेवानिवृत्त वित्त नियंत्रक, छत्तीसगढ़ वित्त शासन, तृप्ति शर्मा ने प्रतिभागियों को वित्तीय नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने शासकीय कार्यों में वित्तीय प्रावधानों के उचित अनुपालन और वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया।

कार्यालयीन व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर प्रशिक्षण

द्वितीय सत्र में कार्यालयीन व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण हुआ। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अवर सचिव बी.एस. राजपूत ने सर्विस बुक के संधारण, नस्तियों के निर्माण एवं रख-रखाव, शासकीय पत्राचार, नोटिंग-ड्राफ्टिंग तथा आवक-जावक प्रक्रिया सहित विभिन्न कार्यालयीन विषयों पर प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय प्रक्रियाओं का नियमानुसार पालन, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण तथा कार्यालयीन कार्यों में दक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के महत्वपूर्ण बिंदुओं से भी अवगत कराया गया।

हितग्राहियों को बेहतर सेवाएं देने पर जोर

राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य समाज कल्याण विभाग के अमले की प्रशासनिक क्षमता, वित्तीय समझ और कार्यालयीन दक्षता को मजबूत करना है। इससे विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और हितग्राहियों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *