रायपुर : ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के प्रथम दिवस प्रदेशभर में व्यापक कार्रवाई त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सख्ती

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – रायपुर : ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ के प्रथम दिवस प्रदेशभर में व्यापक कार्रवाई, त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य विभाग सख्त – रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए छत्तीसगढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा “बने खाबो-बने रहिबो 2.0” सात दिवसीय विशेष जन-जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया गया है। अभियान के प्रथम दिवस 17 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न जिलों में मिठाई दुकानों, होटल-रेस्टोरेंट, कन्फेक्शनरी, थोक विक्रेताओं, खाद्य निर्माण इकाइयों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण और नमूना संकलन किया गया।

अभियान का उद्देश्य केवल मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य निर्माण, उचित लेबलिंग, व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और उपभोक्ताओं को जागरूक करना भी है।

महासमुंद में एनालॉग पनीर के खिलाफ देर रात बड़ी कार्रवाई

महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट फैक्टरी में एनालॉग पनीर निर्माण संबंधी शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापामार कार्रवाई की। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई में परिसर की गहन जांच की गई। मौके पर उपलब्ध लगभग 300 किलोग्राम तैयार पनीर को कोल्ड स्टोरेज में रखकर सील किया गया। पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेशभर में नमूना संकलन और निरीक्षण

रायपुर के डूमरतराई होलसेल मार्केट से सोन केक, गुलाब जामुन और रसगुल्ला के तीन विधिक नमूने लिए गए। दुर्ग में कन्फेक्शनरी दुकानों से दो विधिक और दो निगरानी नमूने लिए गए। बालोद में पनीर, खोवा और बूंदी लड्डू के तीन विधिक नमूने संकलित किए गए तथा प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।

बिलासपुर में मिथ्याछाप बर्फी के 23 कार्टून, करीब 102 किलोग्राम माल को सीज कर नमूना जांच के लिए भेजा गया। कोरबा में मैसूर पाक और नारियल लड्डू के विधिक नमूने लिए गए तथा करीब 10 हजार रुपये मूल्य के मिथ्याछाप खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।

रायगढ़ में खोवा, कलाकंद और पैक्ड नारियल लड्डू के नमूने लिए गए। कांकेर में पेड़ा का एक विधिक तथा गठिया और बूंदी के दो निगरानी नमूने लिए गए। राजनांदगांव में पनीर का विधिक तथा दही, पेड़ा और लड्डू के निगरानी नमूने लिए गए। कबीरधाम में खोया बर्फी और पनीर के विधिक नमूने लिए गए।

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में कन्फेक्शनरी मिठाई, घी, चॉकलेट/फ्रूट जैली और समोसा सहित चार विधिक नमूने लिए गए। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कन्फेक्शनरी का विधिक नमूना तथा सीएम पोर्टल से प्राप्त शिकायत के आधार पर एक विधिक और एक निगरानी नमूना लिया गया।

सुकमा, बस्तर, सरगुजा, सूरजपुर और अन्य जिलों में होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में मिठाई दुकानों, होटल और फल दुकानों की जांच कर मिलावटी या भ्रामक खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय से बचने की चेतावनी दी गई।

अखबारी कागज और प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर रोक

अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों को रखने या पैक करने में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने तथा खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल न करने के संबंध में व्यापारियों और खाद्य व्यवसाय संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।

स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा पर विशेष जोर

सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को परिसर की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, वैध खाद्य लाइसेंस/पंजीयन रखने, कालातीत खाद्य पदार्थों के विक्रय या भंडारण से बचने तथा खाद्य पदार्थों को संदूषण से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

संदिग्ध मिलावट, अमानकता, मिथ्याछाप या अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों और विनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से अपील

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अवधि, लेबल, पैकेजिंग और FSSAI लाइसेंस या पंजीयन की जानकारी अवश्य जांचें। संदिग्ध गुणवत्ता, मिलावट या खाद्य सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन को दें।

“बने खाबो-बने रहिबो 2.0” अभियान का संदेश स्पष्ट है—त्योहारों की खुशियां सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थों के साथ ही मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *