रायपुर : विकास योजनाओं को मिले गति, निर्माण कार्य समय-सीमा में हों पूर्ण : केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

PTV BHARAT 18 AUGUST 2026 – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : विकास योजनाओं को मिले गति, निर्माण कार्य समय-सीमा में हों पूर्ण – केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू – सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेकर केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने तथा निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

महिलाओं की आजीविका और आवास योजनाओं पर जोर

ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान साहू ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने कहा गया। व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के लंबित कार्य भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनाए जा रहे संपर्क मार्गों में आ रही बाधाओं का विभागीय समन्वय से शीघ्र निराकरण करने और गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया।

विष्णुभोग धान-चावल को मिलेगी नई पहचान

साहू ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने, प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि स्थानीय किसानों को अधिक लाभ मिल सके।

स्वच्छता की समीक्षा के दौरान नगरीय क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था मजबूत करने तथा स्वच्छता सर्वेक्षण से जुड़ी वास्तविक और अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

सिंचाई, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान

सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने कहा गया। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए सघन टीकाकरण अभियान, कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिले में सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

लंबित राजस्व प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त अधिकांश प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित हैं। उन्होंने कलेक्टर को नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की निर्बाध और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में सभी जिला अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन की स्थिति की समीक्षा करने तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

मत्स्य पालन, श्रम विभाग सहित सभी विभागों की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

विकास योजनाओं की प्रगति से समिति को कराया गया अवगत

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजनाओं की उपलब्धियों एवं प्रगति से समिति को अवगत कराया।

बैठक में बताया गया कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले में कुल 64 हजार 174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं। श्रम बजट वर्ष 2026-27 में अब तक 9 लाख 96 हजार मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। बिहान समूह से जुड़ी 18 हजार 148 दीदियां लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। गौरेला विकासखंड में पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 आवास पूर्ण हो चुके हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36 हजार 924 हितग्राहियों को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है।

53 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ बोनी

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 में निर्धारित 58 हजार 693 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूर्ण हो चुकी है।

जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां 23 हजार 993 बच्चे दर्ज हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है।

69 हजार से अधिक घरों में पहुंचा नल का पानी

आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 3 लाख 16 हजार 675 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 24 हजार 248 पात्र लोगों के कार्ड बनना शेष है। मंत्री ने शेष कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। योजना के अंतर्गत 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 808 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, जिनमें 55 हजार 800 क्रियाशील नल कनेक्शन शामिल हैं।

जिले में 209 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं तथा कुल 1 लाख 16 हजार 319 राशन कार्डधारक हैं। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों तक समय पर लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, नगर पालिका परिषद गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे, नगर पालिका परिषद पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान, जनपद पंचायत गौरेला अध्यक्ष शिवनाथ बघेल, जनपद पंचायत मरवाही अध्यक्ष जानकी कुशरो, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *