PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – जांजगीर-चांपा : बाल संरक्षण एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित – कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में बाल संरक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ बाल अधिकारों और सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
स्कूल में सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श की दी जानकारी
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला दर्शभाठा में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों को कठिन या असुरक्षित परिस्थितियों में सहायता लेने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई।
रेलवे स्टेशन पर बाल संरक्षण को लेकर जागरूकता
चांपा रेलवे स्टेशन में भी चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पॉक्सो एक्ट, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों के संरक्षण एवं स्थायी पुनर्वास से संबंधित प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान बाल श्रमिकों, अपशिष्ट संग्राहकों, भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों और सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों की पहचान, संरक्षण तथा पुनर्वास से जुड़ी जानकारी साझा की गई।
बाल विवाह और नशे से जुड़े मामलों की सूचना देने की अपील
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट तथा नशे में लिप्त बच्चों से संबंधित मामलों की सूचना तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त ऐसे मामलों की सूचना 9827771819 एवं 8963997174 नंबरों पर भी दी जा सकती है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रशासन, विभागों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

