सुकमा : पीएम आवास योजना और वीबी जी रामजी की समीक्षा बैठक

PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – सुकमा : पीएम आवास योजना और वीबी-जी रामजी की समीक्षा बैठक, लंबित आवास 30 अगस्त तक पूर्ण कराने के निर्देश – जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर ने वीबी-जी रामजी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिलेभर में संचालित कार्यों की वास्तविक स्थिति, लंबित आवासों तथा हितग्राहियों को किस्तों के भुगतान की बिंदुवार समीक्षा की गई।

सीईओ ने मैदानी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

रोजगार से जोड़कर आवास निर्माण में तेजी लाने पर जोर

निर्माण कार्यों में तेजी लाने और ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने के लिए आवास मित्रों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को प्रतिदिन मस्टररोल जनरेट करने के निर्देश दिए गए। योजना के तहत स्वीकृत सभी आवासों में लंबित प्रथम किस्त का शत-प्रतिशत भुगतान कर तत्काल निर्माण शुरू कराने पर जोर दिया गया।

द्वितीय किस्त प्राप्त कर चुके निर्माणाधीन आवासों को भी तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। प्रथम किस्त के बाद वीबी-जी रामजी योजना के तहत मस्टररोल जोड़कर पात्र हितग्राहियों को आवास के साथ सुनिश्चित रोजगार का लाभ देने की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।

पुराने लंबित आवास 30 अगस्त तक पूरे कराने की समय-सीमा

बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना तथा वर्ष 2016 से 2023 तक के पुराने लंबित आवासों को प्राथमिकता के आधार पर हर हाल में 30 अगस्त 2026 तक पूर्ण कराने की सख्त समय-सीमा तय की गई।

सीईओ मुकुंद ठाकुर ने अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर पक्का आवास मिल सके और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण हो।

उन्होंने कहा कि आवास निर्माण के साथ रोजगार के अवसरों को जोड़कर योजनाओं का प्रभाव गांवों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *