PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – सुकमा : रक्षाबंधन पर्व को लेकर खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान – रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा ‘खाबो, बने रहीबो’ अभियान के तहत जिलेभर के मिष्ठान्न भंडारों और खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में शुरू किए गए सात दिवसीय विशेष अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
अभियान के दौरान मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता तथा संभावित मिलावट की स्थिति की जांच की जा रही है। अधिकारियों द्वारा दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
मिठाइयों पर निर्माण तिथि अंकित करने के निर्देश
अभिहित अधिकारी अजय सिंह ने मिष्ठान्न विक्रेताओं को मिठाइयों की निर्माण तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूध से निर्मित मिठाइयों की गुणवत्ता बनाए रखना और उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर उपयोग करना बेहद जरूरी है।
जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक पाई गई। इसके बावजूद अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों का लगातार पालन करने के निर्देश दिए।
त्योहारी सीजन में जारी रहेगा जांच अभियान
रक्षाबंधन के अवसर पर नागरिकों को सुरक्षित और शुद्ध मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन का जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग मिलावट की रोकथाम के साथ व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक भी कर रहा है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मिठाइयां विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, ताजगी और निर्माण तिथि पर विशेष ध्यान दें, ताकि रक्षाबंधन का पर्व सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।

