रायपुर : जल-जीवन मिशन के तहत आयोजित हुई कलेक्टर कॉन्फ्रेंस

PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – रायपुर : जल जीवन मिशन के तहत आयोजित हुई कलेक्टर कॉन्फ्रेंस, हर घर नल से जल पहुंचाने में तेजी के निर्देश – मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के लिए कलेक्टर कॉन्फ्रेंस आयोजित की। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों से जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी लेते हुए हर घर तक नल से जल पहुंचाने के कार्यों में व्यक्तिगत रुचि लेकर तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत योजनाओं को समय-सीमा में पूरा किया जाए और पूर्ण हो चुकी योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराया जाए। पंचायतों को हस्तांतरित योजनाओं से संबंधित लंबित भुगतानों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोलर और क्रेडा आधारित नल-जल योजनाओं की भी समीक्षा

कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में सोलर आधारित योजनाओं तथा क्रेडा से संबंधित नल-जल योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। पूर्ण और हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

समस्याग्रस्त स्रोत वाली योजनाओं को स्थानीय निधि से पूरा कराने तथा जहां आवश्यक हो वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

इंजीनियरों की कमी दूर करने दूसरे विभागों के इंजीनियरों की मदद

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में जल जीवन मिशन के लिए सब इंजीनियरों की कमी है, वहां दूसरे विभागों के इंजीनियरों की सेवाएं लेने की कार्रवाई की जाए, ताकि निर्माण कार्य और तकनीकी निगरानी प्रभावित न हो।

उन्होंने जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित मासिक बैठक सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक बैठक की कार्यवाही समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की नियमित मॉनिटरिंग और मैदानी स्तर पर योजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने को भी कहा गया।

55 LPCD से कम जल प्रदाय वाली योजनाओं की समीक्षा

बैठक में ऐसी योजनाओं की भी जानकारी ली गई, जहां 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन (LPCD) से कम जल आपूर्ति हो रही है। ऐसी योजनाओं की समस्याओं को चिन्हांकित कर जल प्रदाय व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी कलेक्टर स्पष्ट आकलन, बेहतर योजना और प्रभावी विभागीय समन्वय के साथ मिशन मोड में काम करें, ताकि प्रदेश के प्रत्येक परिवार को समयबद्ध रूप से हर घर नल से जल उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव अब्दुल कैसर हक सहित विभाग और जल जीवन मिशन के अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला स्तरीय अधिकारी भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *