PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – धमतरी : जल जीवन मिशन में धमतरी का डंका – ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक शुद्ध, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने के मामले में धमतरी जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले के कुल 622 गांवों में से लगभग 530 गांवों में ‘हर घर जल’ का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। इससे 85 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण आबादी को नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
चार बड़ी बहुग्रामीय योजनाओं से दूर होगा जल संकट
भू-जल स्तर में गिरावट और गर्मी के दौरान पेयजल संकट से निपटने के लिए जिले में चार बड़ी बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाओं पर काम तेजी से चल रहा है। इन योजनाओं से कुल 219 गांव लाभान्वित होंगे।
सिर्री बहुग्रामीय योजना से कुरूद के 84 गांव, मेघा योजना से मगरलोड के 59 गांव, सांकरा योजना से नगरी के 40 गांव और घटुला योजना से नगरी के 36 गांवों को जोड़ा जाएगा।
इन योजनाओं के तहत स्थायी जल स्रोतों से पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए उन क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जहां गर्मी के दिनों में अक्सर पेयजल संकट उत्पन्न होता है।
महिलाओं और बच्चों को मिली बड़ी राहत
हर घर नल से जल की सुविधा का असर केवल पेयजल उपलब्धता तक सीमित नहीं है। दूर-दराज के हैंडपंपों और कुओं से पानी लाने तथा सिर पर मटके ढोने की महिलाओं की मजबूरी कम हुई है। इससे उनका समय और श्रम बच रहा है, जिसे वे आजीविका, स्वरोजगार और परिवार की अन्य जरूरतों में लगा पा रही हैं।
बच्चों को भी पानी जुटाने की जिम्मेदारी से राहत मिलने के कारण पढ़ाई और खेल-कूद के लिए अधिक समय मिल रहा है।
शत-प्रतिशत ‘हर घर जल’ वाले जिले का लक्ष्य
कलेक्टर ने इस उपलब्धि को मैदानी अमले, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल नल कनेक्शन देना नहीं, बल्कि जल सुरक्षा के माध्यम से ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार लाना है।
शेष गांवों को भी जल्द योजना से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित जलापूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य धमतरी को जल्द शत-प्रतिशत ‘हर घर जल’ से जुड़ा जिला बनाना है।

