रायपुर : नगरीय प्रशासन विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने ली मैराथन बैठक

PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – रायपुर : नगरीय प्रशासन विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने ली मैराथन बैठक – नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कार्यभार संभालने के अगले ही दिन मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, मैदानी निगरानी और निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), नालंदा परिसर, अधोसंरचना समेत अन्य विभागीय योजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, मैदानी क्रियान्वयन और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

निगम आयुक्त और सीएमओ रोजाना वार्डों का करें भ्रमण

प्रमुख सचिव ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ नागरिकों तक समय पर पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी मैदानी क्रियान्वयन आवश्यक है।

उन्होंने सभी नगर निगम आयुक्तों तथा नगर पालिका और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपर आयुक्त, उपायुक्त, जोन आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों के साथ प्रतिदिन वार्डों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी गतिविधियों के फोटोग्राफ विभागीय व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करने को भी कहा।

प्रधानमंत्री आवास और अमृत मिशन की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण आवासों की घटकवार प्रगति की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

अमृत मिशन के तहत नगरीय क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा हुई। श्री बोरा ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की समीक्षा केवल कार्यालयी रिपोर्ट तक सीमित न रहे। अधिकारी मौके पर जाकर कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और नागरिकों को मिल रहे वास्तविक लाभ का आकलन करें।

बाजारों की सफाई और कचरा प्रबंधन पर जोर

स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) की समीक्षा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण, चार डस्टबिन व्यवस्था, नियमित संग्रहण और उचित निपटान की निगरानी के निर्देश दिए गए।

प्रमुख बाजार क्षेत्रों में नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे नियमित और सतत व्यवस्था बनाया जाए।

38 नालंदा परिसरों का निर्माण प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश

राज्य शासन की नालंदा परिसर योजना के तहत विभिन्न नगरीय निकायों में निर्माणाधीन 38 नालंदा परिसरों की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने इनका निर्माण समय-सीमा में पूरा करने के साथ परिसर तैयार होने से पहले पुस्तकें, कंप्यूटर, पैनल, लाइब्रेरियन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भवन पूर्ण होते ही विद्यार्थियों को लाइब्रेरी की सुविधा मिल सके।

सीएम हेल्पलाइन और CPGRAMS की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण

श्री बोरा ने अधिकारियों के साथ अपने पूर्व कार्यकाल के अनुभव और नवाचार भी साझा किए। उन्होंने कहा कि शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय जरूरी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और CPGRAMS पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का पूर्ण निष्ठा और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता

रायपुर नगर निगम आयुक्त को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का चिन्हांकन कर वहां शुद्ध पेयजल, सुगम शौचालय, डस्टबिन और पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रमुख सचिव ने शहरी क्षेत्रों में अर्बन फॉरेस्ट्री के विकास और सार्वजनिक उद्यानों के पुनरोद्धार की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। नए परिसीमन के बाद नगरीय निकायों में शामिल क्षेत्रों में पेयजल, सफाई, शहरी हरियाली और अर्बन एग्रीकल्चर को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।

इसके साथ ही पुराने हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की मरम्मत, स्लम रिडेवलपमेंट तथा ईडब्ल्यूएस भूमि पर व्यवहारिक वाणिज्यिक परियोजनाओं के नए विकल्प तलाशने और योजनाओं के क्रियान्वयन में नवाचारी सोच अपनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक आर. एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *