PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – धमतरी : नशामुक्त युवा, स्वर्णिम भविष्य – 7 महाविद्यालयों में गूंजा नशामुक्ति का संदेश – ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत धमतरी जिले के सात महाविद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सौ सप्ताह के इस विशेष अभियान में सैकड़ों विद्यार्थियों ने रैली, नुक्कड़ नाटक और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
रैली और प्रतियोगिताओं से दिया नशामुक्ति का संदेश
बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद, शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी, सुखराम नागे शासकीय महाविद्यालय नगरी, शासकीय महाविद्यालय आमदी, छत्तीसगढ़ महतारी महाविद्यालय भखारा और यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में एक साथ कार्यक्रम आयोजित हुए।
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, चित्रकला, स्लोगन लेखन, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विद्यार्थियों ने रचनात्मक माध्यमों से नशे के सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों को सामने रखा।
विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा जरूरी
जिला युवा अधिकारी ने कहा कि युवा शक्ति देश के भविष्य की महत्वपूर्ण आधारशिला है। स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को मजबूत कर सकते हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने वाला ब्रांड एंबेसडर बनाना है।
विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
‘मेरा युवा भारत’ के प्रभारी प्राध्यापकों और कैंपस एंबेसडरों के सहयोग से कार्यक्रमों का संचालन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इन कार्यक्रमों के जरिए महाविद्यालयों में युवाओं की भागीदारी के साथ नशामुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया गया।

