रायपुर : ‘दवाईयों और पोषण की चिंता हुई कम, ‘मोर विष्णु भैया’ ल धन्यवाद’

PTV BHARAT 22 AUGUST 2026 – रायपुर : ‘दवाइयों और पोषण की चिंता हुई कम, ‘मोर विष्णु भैया’ ल धन्यवाद’ – कांकेर जिले के अघन नगर निवासी श्रीमती प्रेमलता शर्मा के लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बुजुर्गावस्था में नियमित आर्थिक सहारे का माध्यम बन गई है। उन्हें अब तक योजना की 30 किस्तें प्राप्त हो चुकी हैं, जिनका उपयोग वे दवाइयों और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं।

दवाइयों और पोषण के खर्च में मिली मदद

प्रेमलता शर्मा ने बताया कि उनके परिवार में चार सदस्य हैं। उनका बड़ा बेटा ज्योतिष और छोटा बेटा मैकेनिक का काम करते हैं, जबकि उनके पति घर पर रहते हैं। ऐसे में महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली नियमित सहायता उनके लिए उपयोगी साबित हो रही है।

उन्होंने बताया कि योजना से प्राप्त राशि से वे अपनी जरूरी दवाइयां और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा कर पाती हैं। इससे उन्हें अपने दैनिक खर्चों के लिए आर्थिक संबल मिला है।

बुढ़ापे में बढ़ा आत्मनिर्भरता का भरोसा

प्रेमलता शर्मा के अनुसार नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने की जरूरत कम हुई है। इससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास का अनुभव हो रहा है।

महतारी वंदन योजना शुरू करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को स्नेहपूर्वक “मोर विष्णु भैया” कहकर धन्यवाद दिया।

उनका कहना है कि योजना ने बुढ़ापे में उन्हें दवाइयों, पोषण और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भरोसे का सहारा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *