PTV BHARAT 22 AUGUST 2026 – कोरबा : मानव-हाथी द्वंद्व कम करने में हाथी मित्र दल की भूमिका महत्वपूर्ण – वन मंत्री केदार कश्यप – छत्तीसगढ़ में मानव-हाथी द्वंद्व को कम करने और वन क्षेत्रों से लगे इलाकों में जनसुरक्षा मजबूत करने के लिए वन विभाग द्वारा हाथी मित्र दल के सदस्यों को मोटरसाइकिल और सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कोरबा प्रवास के दौरान पुतका पहाड़ का निरीक्षण किया और कॉफी प्वाइंट में हाथी मित्र दल के सदस्यों को सुरक्षा उपकरण वितरित किए।
सुरक्षा किट से मजबूत होगी मैदानी निगरानी
वन मंत्री ने मैदान में तैनात हाथी मित्र दल के सदस्यों को सुरक्षा संसाधन प्रदान किए। उन्होंने कहा कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने और मानव-हाथी टकराव की घटनाओं को रोकने में हाथी मित्र दल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि हाथी वन पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। स्थानीय लोगों में जागरूकता बढ़ाने और वन विभाग के मैदानी अमले के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने से मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं को कम किया जा सकता है।
मैदानी चुनौतियों की ली जानकारी
मंत्री केदार कश्यप ने हाथी मित्र दल के सदस्यों से उनके कार्य के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने सदस्यों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में गोपाल मोदी, जोगेश लांबा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

