PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – कवर्धा : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से कबीरधाम की 19 हजार से अधिक माताओं को मिला पोषण संबल – गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को पोषण, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक देखभाल के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने वाली प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना कबीरधाम जिले में मातृत्व को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी संबल दे रही है। वर्ष 2023 से अब तक जिले में 19,214 हितग्राहियों को करीब 9 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खातों में दी जा चुकी है।
पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य देखभाल में मिली मदद
योजना की राशि का उपयोग माताएं गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक भोजन, दवाइयों और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। इससे नियमित स्वास्थ्य जांच और बेहतर पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
शीतल धुर्वे के लिए योजना बनी स्वास्थ्य का सहारा
सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम उलट निवासी श्रीमती शीतल धुर्वे ने अपनी पहली गर्भावस्था के दौरान योजना का लाभ लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रतिभा सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक आहार और आवश्यक दवाइयों पर विशेष ध्यान दिया।
गर्भावस्था के दौरान उनका हीमोग्लोबिन 10.5 ग्राम था। सातवें महीने में योजना के तहत उन्हें पहली किस्त के रूप में 3 हजार रुपये मिले, जिसे उन्होंने फल, दवाइयों और पौष्टिक खाद्य सामग्री पर खर्च किया।
इसके साथ उन्होंने नियमित ANC जांच, टीकाकरण और आयरन की गोलियों का सेवन जारी रखा।
स्वस्थ बच्चे का हुआ जन्म
नियमित स्वास्थ्य देखभाल और पोषण का सकारात्मक परिणाम सामने आया और शीतल ने स्वस्थ बच्चे धैर्य कुमार धुर्वे को जन्म दिया। जन्म के समय बच्चे का वजन 3.400 किलोग्राम था।
बच्चे के जन्म और आवश्यक टीकाकरण के बाद दूसरी किस्त के लिए आवेदन किया गया, जिसके बाद शीतल के खाते में 2 हजार रुपये और मिले। उन्होंने इस राशि का उपयोग भी पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए किया।
बच्चे के विकास की भी नियमित निगरानी
बच्चे के जन्म के बाद शीतल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के संपर्क में बनी रहीं और धैर्य के वजन, लंबाई और विकास की नियमित निगरानी कराती रहीं।
धैर्य का वजन 6 माह की उम्र में 6.800 किलोग्राम और 8 माह में 8.300 किलोग्राम दर्ज किया गया। वर्तमान में बच्चा स्वस्थ है और सामान्य रूप से विकसित हो रहा है। शीतल नियमित टीकाकरण के साथ बच्चे को स्तनपान भी करा रही हैं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शीतल के लिए सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के शुरुआती विकास तक बेहतर पोषण और स्वास्थ्य देखभाल का सहारा बनी है।

