बालोद : मुख्यमंत्री साय रक्षाबंधन के पूर्व राज्य के महिलाओं को देंगे महत्वपूर्ण सौगात

PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – बालोद : रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय देंगे प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त 2026 को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की सौगात देंगे। इस दौरान राज्य की करीब 68 लाख महिलाओं के बैंक खातों में किस्त की राशि अंतरित की जाएगी।

बालोद की 2.45 लाख महिलाओं को भी मिलेगा लाभ

कार्यक्रम में बालोद जिले की करीब 2 लाख 45 हजार महिलाएं महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त से लाभान्वित होंगी। मुख्यमंत्री इस अवसर पर बिहान दीदियों और विभिन्न स्व-सहायता समूहों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी करेंगे।

कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण किट

मुख्यमंत्री कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण किट भी वितरित करेंगे। इसके अलावा ‘हर घर मुनगा’ अभियान के तहत कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को एक-एक मुनगा पौधा प्रदान किया जाएगा।

बिहान और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं पर फोकस

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को प्रोत्साहित करना भी है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली बिहान दीदियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सामने लाया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने जनप्रतिनिधियों के साथ लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की मौजूदगी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *