PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – महासमुंद : राखी का रिश्ता भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक – रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, भरोसे और सुरक्षा का पर्व है। इसी भावना के बीच प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। महासमुंद की श्रीमती आरती जगत को दूसरी बालिका के जन्म पर योजना के तहत 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली।
बेटी के जन्म पर मिला आर्थिक सहारा
महासमुंद शहर के बजरंग चौक, वार्ड क्रमांक 11, नयापारा निवासी आरती जगत ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी। आवश्यक दस्तावेज और पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें योजना का लाभ मिला।
योजना के तहत दूसरी बालिका के जन्म पर मिली ₹6,000 की सहायता से परिवार को आर्थिक राहत मिली और बेटी के जन्म की खुशियां भी बढ़ीं।
मां और नवजात के पोषण में राशि का उपयोग
आरती ने बताया कि शासन से मिली राशि का उपयोग उन्होंने नवजात बेटी और अपने पोषण, स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक देखभाल में किया। आर्थिक सहायता मिलने से गर्भावस्था और प्रसव के बाद की जरूरतों को पूरा करने में परिवार को सहूलियत मिली।
बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा
आरती जगत के अनुसार योजना से मिलने वाली सहायता केवल आर्थिक राहत नहीं देती, बल्कि परिवारों में बेटियों के जन्म को लेकर सकारात्मक सोच को भी मजबूत करती है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए उपयोगी सहारा है।
योजना के माध्यम से माताओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और आवश्यक जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

