PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – जांजगीर-चांपा : कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने राजस्व अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश – कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न राजस्व कार्यों और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों में तेजी लाने और आम नागरिकों को राजस्व सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नक्शा बटांकन में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
कलेक्टर ने तहसीलवार नक्शा बटांकन प्रकरणों की समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नक्शा बटांकन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक की भी समीक्षा
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन और बकेट क्लेम की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करते हुए शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ स्वामित्व योजना और स्वामित्व कार्ड वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
लोक सेवा गारंटी और नामांतरण प्रकरणों पर जोर
कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अविवादित और विवादित नामांतरण तथा बंटवारा प्रकरणों की तहसीलवार स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ई-कोर्ट और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर समाधान
अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, ई-कोर्ट और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से शिकायतों और मामलों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा के भीतर निराकरण करने को कहा।
राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार से जुड़े मामलों में भी प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
आम नागरिकों से सीधे जुड़ी हैं राजस्व सेवाएं
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि राजस्व विभाग की सेवाएं सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हैं। इसलिए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों की लगातार समीक्षा कर उनका समयबद्ध निराकरण करना चाहिए, ताकि पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं और राजस्व सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक देरी के मिल सके।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तम्बोली, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

