PTV BHARAT 24 AUGUST 2026 – जगदलपुर : घायल जवानों से मिले वन मंत्री केदार कश्यप, बेहतर उपचार के दिए निर्देश – वन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर के डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली तथा उनके परिजनों से बातचीत कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश
वन मंत्री ने चिकित्सकों से जवानों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्वर्गीय बलिराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू तथा कॉन्टिनेंटल अस्पताल के एजीएम डॉ. संतोष कुमार सिंह से चर्चा कर घायल जवानों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सभी जवानों का उपचार जारी
मंत्री ने बताया कि सभी घायल जवान कुशल हैं और उनका उपचार जारी है। उन्होंने चिकित्सकों को उपचार में किसी तरह की कमी नहीं रखने तथा जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
23 अगस्त को हुआ था सड़क हादसा
23 अगस्त को वन मंत्री केदार कश्यप ग्राम फरसागुड़ा, भानपुरी से कोंडागांव के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो पायलट वाहन को पार करते समय मंत्री के वाहन के मिरर से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो स्पेयर वाहन और फिर काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी।
दुर्घटना में फॉलो वाहन का चालक और उसमें सवार पुलिस जवान घायल हुए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर किया गया।
जवानों और परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात और उपचार की समीक्षा करते हुए वन मंत्री ने कहा कि शासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने जवानों एवं उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि उपचार के लिए आवश्यक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

