PTV BHARAT 25 AUGUST 2026 – रायपुर : राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर से राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने की सौजन्य भेंट – छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय में अध्यक्ष विजया रहाटकर से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
महिला अधिकारों की जानकारी पहुंचाने पर जोर
बैठक में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग से आवश्यक मार्गदर्शन लिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण और उपलब्ध सहायता तंत्र के बारे में व्यावहारिक जानकारी देने पर जोर रहेगा।
जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की पहल
डॉ. ममता साहू ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी देना सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है। प्रस्तावित प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और अधिक आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन में होने वाला यह प्रशिक्षण महिला अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद करेगा।
महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को मिलेगा विस्तार
राज्य महिला आयोग द्वारा महिला अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़े जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग के साथ समन्वय से प्रस्तावित यह पहल इन प्रयासों को और व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

