रायपुर : बी.एससी. कृषि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, फर्जी फोन कॉल से सावधान रहने की अपील

PTV BHARAT 25 AUGUST 2026 – रायपुर : बी.एससी. कृषि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, फर्जी फोन कॉल से सावधान रहने की अपील – इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत बी.एससी. ऑनर्स कृषि प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पी.ए.टी. काउंसलिंग 2026 की प्रक्रिया कृषि महाविद्यालय, रायपुर में संचालित की जा रही है।

सीट दिलाने के नाम पर पैसे मांगने की शिकायत

विश्वविद्यालय प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को फोन कर प्रवेश या सीट दिलाने के नाम पर पैसे की मांग कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसी किसी भी कॉल या व्यक्ति के झांसे में न आएं और सीट या प्रवेश दिलाने के नाम पर किसी को भी कोई राशि न दें।

केवल आधिकारिक प्रक्रिया पर करें भरोसा

विश्वविद्यालय प्रशासन ने पी.ए.टी. काउंसलिंग 2026 के सभी अभ्यर्थियों से कहा है कि प्रवेश के लिए केवल विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित आधिकारिक काउंसलिंग प्रक्रिया और माध्यमों का ही पालन करें।

प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है और किसी व्यक्ति के माध्यम से अलग से सीट दिलाने की कोई व्यवस्था नहीं है।

संदिग्ध कॉल की तत्काल करें शिकायत

यदि किसी अभ्यर्थी या अभिभावक को प्रवेश के नाम पर पैसे मांगने वाला फोन आता है अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी जानकारी तत्काल विश्वविद्यालय प्रशासन को देने की अपील की गई है।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को भुगतान न करें और प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *