कवर्धा : कवर्धा की प्रतिभा एक दिन बनेगी देश का गौरव – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

PTV BHARAT 25 AUGUST 2026 – कवर्धा : कवर्धा की प्रतिभा एक दिन बनेगी देश का गौरव – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा – कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 171 मेधावी विद्यार्थियों को मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के चेक और प्रतीक चिन्ह प्रदान किए।

10वीं को 5 हजार, 12वीं के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये

कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये और कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वालों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।

इस समारोह में वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने का संदेश गया।

विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया उप मुख्यमंत्री ने

विजय शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ समय बिताकर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरक पुस्तकें भेंट कीं और उनके साथ सेल्फी भी ली।

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा में प्रथम आने के जुनून से ज्यादा जरूरी विषय को अच्छी तरह समझना है। कक्षा में शिक्षक की बात ध्यान से सुनने और रटने के बजाय विषय की समझ विकसित करने पर जोर दिया।

संसाधनों की कमी को बाधा न बनने दें

एक छात्रा के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समय और संसाधनों की कमी किसी की प्रगति रोकने का कारण नहीं बननी चाहिए। विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का पूरा उपयोग करते हुए मेहनत और लगन से आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा, “जो करना है, पूरे मन से कर डालो।” अपने लक्ष्य और जुनून के लिए पूरी ताकत लगाने तथा सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगे

उप मुख्यमंत्री ने युवाओं को सावधान करते हुए कहा कि कुछ ताकतें युवाओं के भीतर गुस्सा भरने का प्रयास करती हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल समाज की भलाई, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रयास करना चाहिए।

शिक्षकों और शाला प्रबंधन का भी सम्मान

समारोह में विद्यार्थियों की सफलता में योगदान देने वाले स्कूल प्राचार्यों और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा की धरती प्रतिभाओं से भरी है और आज सम्मानित विद्यार्थी आने वाले समय में न केवल जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे, बल्कि एक दिन देश का गौरव बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *