PTV BHARAT 26 AUGUST 2026 – रायपुर : सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता से ही संभव है समाज परिवर्तन – कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTU), रायपुर में शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। बस्तर क्षेत्र से आए विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की उन्नत सुविधाओं और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा कुलपति प्रो. मनोज दयाल से संवाद किया।
पत्रकारिता को समाज परिवर्तन का माध्यम बताया
कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता ही एक सशक्त और नए समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मीडिया क्षेत्र में अपनी रचनात्मकता को विकसित करने और समाचार पत्र, टेलीविजन, रेडियो तथा डिजिटल मीडिया का नियमित तुलनात्मक अध्ययन करने की सलाह दी।
टीवी स्टूडियो से AI मीडिया लैब तक देखा विश्वविद्यालय
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के टीवी स्टूडियो, कम्युनिटी रेडियो, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और निर्माणाधीन AI एवं मीडिया रिसर्च लैब का अवलोकन किया।
शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में आए विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2 FM’ में अपने संदेश भी रिकॉर्ड किए।
इसके अलावा छात्रों ने जनसंचार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन और जनसंपर्क विभाग के प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों से मुलाकात कर विश्वविद्यालय के रचनात्मक क्लबों और शोध पीठों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने अनुभव को बताया ज्ञानवर्धक
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील शर्मा, सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल और विभिन्न विभागाध्यक्षों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए कहा कि इससे उन्हें पत्रकारिता और जनसंचार के व्यावहारिक पक्ष को करीब से समझने का अवसर मिला।

