कवर्धा : डबरी बनी रामभजन की समृद्धि का आधार, खेती के साथ मछली पालन से बढ़ी आय

PTV BHARAT 31 AUGUST 2026 – कवर्धा : डबरी बनी रामभजन की समृद्धि का आधार, खेती के साथ मछली पालन से बढ़ी आय – कबीरधाम जिले के जनपद पंचायत बोड़ला अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी निवासी श्री रामभजन पिता श्री लतेल के लिए विकसित भारत जी राम जी योजना से निर्मित आजीविका डबरी आय और रोजगार का नया आधार बनी है। करीब 1.80 लाख रुपये की लागत से बनी इस डबरी ने उनकी 50 डिसमिल भूमि को सिंचाई और आजीविका के नए साधनों से जोड़ दिया है।

वर्षा आधारित खेती से बढ़ी आजीविका की संभावनाएं

डबरी निर्माण से पहले रामभजन पूरी तरह वर्षा आधारित खेती पर निर्भर थे। सिंचाई की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण 50 डिसमिल जमीन का पूरा उपयोग नहीं हो पाता था और खेती से सालाना करीब 8 से 10 हजार रुपये की आय ही होती थी।

ग्राम सभा के माध्यम से उन्हें योजना और डबरी से मिलने वाले आजीविका अवसरों की जानकारी मिली। इसके बाद उनकी मांग पर डबरी निर्माण की स्वीकृति दी गई।

मछली पालन और सब्जी उत्पादन से अतिरिक्त आय

डबरी बनने के बाद रामभजन ने इसमें मछली पालन शुरू किया। डबरी की मेड़ों पर मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी किया जा रहा है।

वर्षभर पानी की उपलब्धता से कृषि और मत्स्य पालन दोनों को बढ़ावा मिला है। इससे उन्हें प्रतिवर्ष करीब 60 से 70 हजार रुपये की अतिरिक्त आय मिलने की संभावना है।

डबरी निर्माण से मिला ग्रामीणों को रोजगार

डबरी निर्माण के दौरान रामभजन के परिवार सहित अन्य ग्रामीणों को भी रोजगार मिला। इस कार्य में 1.66 लाख रुपये मजदूरी भुगतान किया गया और कुल 697 मानव दिवस रोजगार का सृजन हुआ।

इस तरह योजना ने तत्काल रोजगार के साथ भविष्य की आजीविका के लिए स्थायी जल संरचना भी तैयार की।

एक एकड़ क्षेत्र में सिंचाई की संभावना

डबरी से आसपास के करीब एक एकड़ क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के विस्तार की संभावना है। वर्षाजल के संरक्षण से भू-जल स्तर बढ़ाने और आसपास के हैंडपंपों को रिचार्ज करने में भी मदद मिल सकती है।

जल संरक्षण से आत्मनिर्भरता तक

रामभजन के लिए यह डबरी अब केवल जल संग्रहण की संरचना नहीं रही, बल्कि खेती, मछली पालन, रोजगार और अतिरिक्त आय का आधार बन गई है।

उनका अनुभव बताता है कि रोजगार के साथ जल संरक्षण और आजीविका से जुड़ी परिसंपत्तियां उपलब्ध होने पर सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण परिवार भी आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत निर्मित यह आजीविका डबरी जल संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसान परिवार की आय मजबूत करने का उदाहरण बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *