PTV BHARAT 31 AUGUST 2026 – कोरिया : महतारी के आशीष और राखी के विश्वास से मजबूत हो रहा महिला सशक्तीकरण – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है। वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जाना भी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
महतारी वंदन से 68 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल
सरकार के 30 माह के कार्यकाल में महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की प्रमुख पहल के रूप में सामने आई है। योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख विवाहित महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है।
इससे महिलाओं को अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ परिवार के आर्थिक निर्णयों में अधिक भागीदारी का अवसर मिल रहा है।
रक्षाबंधन से पहले 631 करोड़ रुपये का अंतरण
रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त 25 अगस्त को जारी की। बालोद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 68 लाख महिलाओं के खातों में लगभग ₹631 करोड़ की राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि माताएं-बहनें आर्थिक रूप से मजबूत हों, अपने छोटे-बड़े निर्णय स्वयं ले सकें और त्योहारों को सम्मान एवं उत्साह के साथ मना सकें।
‘स्नेह की डोर’ में जवानों के प्रति सम्मान
रायपुर में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में स्कूली बेटियों, दिव्यांग बहनों और महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने सेना, केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस के जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी।
कार्यक्रम का भावुक क्षण तब आया जब शहीद उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने इसे शहीद परिवार के विश्वास और अपनत्व का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के अंत की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़ प्रदेश की बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का बड़ा उपहार है।
2.42 लाख से अधिक महिला समूह, 13.85 लाख लखपति दीदी
प्रदेश में 2 लाख 42 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों से करीब 30 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। लखपति दीदी अभियान के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और स्थायी आय के साधनों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार के अनुसार प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी भी बढ़ी है।
महिला समूहों की दीदियां स्थानीय स्तर पर विभिन्न उत्पादों का निर्माण और विपणन कर आय के नए अवसर विकसित कर रही हैं।
प्रदेशभर की बहनों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति स्नेह
महतारी वंदन की राशि रक्षाबंधन से पहले मिलने पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि नियमित आर्थिक सहायता से दैनिक जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है और उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
सुकमा से कोरिया और राजनांदगांव से रायगढ़ तक महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बड़े भाई के रूप में सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की नारी शक्ति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान, स्वावलंबन और समृद्धि सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना, महिला स्व-सहायता समूह और लखपति दीदी जैसे प्रयासों के जरिए राज्य में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
रक्षाबंधन से पहले बहनों के खातों में पहुंची सहायता राशि ने इस रिश्ते में आर्थिक संबल के साथ विश्वास और आत्मीयता का संदेश भी मजबूत किया है।

