PTV BHARAT 31 AUGUST 2026 – जगदलपुर : बस्तर के ज्ञानगुड़ी से निकले चार हीरे, पहले ही राउंड में MBBS सीट पक्की – बस्तर के दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा संचालित निशुल्क ‘ज्ञानगुड़ी’ कोचिंग संस्थान ने NEET में शानदार परिणाम हासिल किया है। संस्थान के चार विद्यार्थियों ने NEET काउंसलिंग के पहले ही चरण में शासकीय मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीट हासिल कर बस्तर का गौरव बढ़ाया है।
चार विद्यार्थियों का शासकीय मेडिकल कॉलेजों में चयन
ज्ञानगुड़ी के सफल विद्यार्थियों में समीर मरकाम और गीतेश्वरी सलाम को शासकीय मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर में प्रवेश मिला है।
वहीं कृष्णा सेन का चयन कांकेर मेडिकल कॉलेज और खुशबू बिस्वास का प्रवेश पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में हुआ है।
कलेक्टर से मिलकर साझा की सफलता
सफल विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात की और अपनी सफलता का श्रेय उनके निरंतर मार्गदर्शन को दिया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उच्च शिक्षा में डिजिटल सहयोग के उद्देश्य से सभी को टैबलेट उपहार स्वरूप प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत की सराहना की।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से अपील की कि मेडिकल शिक्षा पूरी करने के बाद वे बस्तर लौटकर स्थानीय जरूरतमंद लोगों और समाज की सेवा में योगदान दें।
90 में से 50 विद्यार्थियों ने पास की NEET
विद्यार्थियों ने बताया कि पूरे वर्ष कलेक्टर द्वारा दिए गए अध्ययन और तैयारी संबंधी व्यावहारिक सुझावों से उनकी तैयारी की रणनीति मजबूत हुई।
जिला प्रशासन के अनुसार ज्ञानगुड़ी के 90 में से 50 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा उत्तीर्ण की। इनमें से चार विद्यार्थियों ने पहले ही काउंसलिंग राउंड में MBBS सीट हासिल कर ली।
कलेक्टर लगातार करते रहे छात्रों की काउंसलिंग
कलेक्टर आकाश छिकारा नियमित रूप से ज्ञानगुड़ी केंद्र का दौरा कर विद्यार्थियों की काउंसलिंग करते रहे हैं। अपने अध्ययन और UPSC तैयारी के अनुभवों को साझा कर उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर रणनीति और निरंतर मेहनत के लिए प्रेरित किया।
ज्ञानगुड़ी की यह उपलब्धि बताती है कि दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में भी सफलता हासिल कर सकती हैं।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना, ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन, जी. श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव और संजीव बिस्वास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

