अम्बिकापुर : सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न

PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – अम्बिकापुर : सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न – सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय की 18 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल रहे। इस अवसर पर सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल सहित संभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत

मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के आगमन पर कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पुष्पगुच्छ से अतिथियों का स्वागत किया गया और दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। विद्यालय की 18 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में अतिथियों ने केक काटकर स्थापना दिवस मनाया।

वार्षिक रिपोर्ट में बताई विद्यालय की उपलब्धियां

विद्यालय के प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के साथ विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी।

इसके बाद कैडेटों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। स्वागत गीत, छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, मूक अभिनय, देशभक्ति समूहगान और भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को प्रभावित किया।

विद्यालय पत्रिका और ‘संस्कृत ऐप’ का विमोचन

मुख्य अतिथि ने सैनिक स्कूल अंबिकापुर की सत्र 2025-26 की विद्यालय पत्रिका का विमोचन किया। संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में कैडेटों द्वारा विकसित ‘संस्कृत ऐप’ का भी अतिथियों ने अवलोकन किया और इसकी उपयोगिता एवं विशेषताओं की सराहना की।

उत्कृष्ट कैडेट और हाउस हुए सम्मानित

सत्र 2025-26 में शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले हाउस को ट्रॉफियां प्रदान की गईं।

कटारी और अरिहंत हाउस को सर्वश्रेष्ठ सह-पाठ्यक्रम हाउस और खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं अर्जुन सिंह और तेजस हाउस को सर्वश्रेष्ठ अकादमिक हाउस का सम्मान मिला।

विद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, स्टाफ और जनरल कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं सैनिक स्कूल के विकास में योगदान के लिए कमेंडेशन प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए कैडेटों को प्रेरित किया

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सैनिक स्कूल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कैडेटों को अनुशासन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और निरंतर परिश्रम एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल जैसे संस्थान विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कैडेटों से इन मूल्यों को आत्मसात कर देश के जिम्मेदार और गौरवशाली नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास ने अतिथियों और उपस्थित गणमान्यजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *