जांजगीर-चांपा : स्वच्छता अभियान की निरंतर निगरानी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मणिकंचन केंद्र का किया निरीक्षण

PTV BHARAT 1 SEPTEMBER 2026 – जांजगीर-चांपा : स्वच्छता अभियान की निरंतर निगरानी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मणिकंचन केंद्र का किया निरीक्षण – कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र में स्वच्छता अभियान और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए वार्ड क्रमांक 04 स्थित एसएलआरएम मणिकंचन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कचरा संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

गीले-सूखे कचरे का अलग-अलग सेग्रीगेशन जरूरी

कलेक्टर ने केंद्र में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग संग्रहित कर व्यवस्थित सेग्रीगेशन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इसके लिए नगर पालिका को नागरिकों और व्यापारियों को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए गए, ताकि घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कचरा अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाए।

मणिकंचन केंद्र के आसपास डंपिंग पर रोक

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मणिकंचन केंद्र परिसर या आसपास किसी भी प्रकार की कचरा डंपिंग नहीं की जाए। पहले से एकत्रित कचरे का नियमानुसार और उचित प्रक्रिया के तहत उपचार एवं निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है।

स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा पर भी ध्यान

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में कार्यरत स्वच्छता दीदियों की कार्यस्थल सुरक्षा का भी जायजा लिया। उन्होंने ग्लव्स, मास्क और अन्य सुरक्षात्मक सामग्री का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने तथा इनकी पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता कार्य में लगे कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

नियमित निगरानी और जनभागीदारी पर जोर

कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को स्वच्छता अभियान के तहत शुरू की गई व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में कचरा संग्रहण, पृथक्करण और उचित उपचार की व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू करने को कहा।

उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से भी गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छ शहर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *